
चतरा समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद की अध्यक्षता में दुर्गापूजा, दीपावली एवं छठ पर्व-2026 को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, सुरक्षा, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत उपायुक्त ने शांति समिति के सदस्यों से परिचय प्राप्त कर की। इस दौरान उन्होंने थाना स्तर पर आयोजित शांति समिति की बैठकों की जानकारी ली तथा जिन क्षेत्रों में अब तक बैठक नहीं हुई है, वहां शीघ्र बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के पूजा पंडालों और निर्धारित जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा।
उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि सभी पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सजग रहकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश भी दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था एवं सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कहा कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय कर निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने पूजा पंडालों एवं प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा आवश्यकतानुसार ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने पर जोर दिया। साथ ही पूजा पंडालों एवं जुलूसों में आपत्तिजनक गाने नहीं बजाने का निर्देश दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी।
दुर्गापूजा के दौरान सभी पूजा पंडालों के समीप खोया-पाया केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी के बिछड़ने या किसी वस्तु के खोने की स्थिति में सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके अतिरिक्त अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए व्यापक जांच एवं छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया।
विद्युत, स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
विद्युत विभाग को सभी पूजा पंडालों का निरीक्षण कर खुले एवं ढीले तारों की मरम्मत, विद्युत सुरक्षा तथा निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नगर परिषद को शहर में साफ-सफाई, कूड़ा उठाव, नालियों की सफाई एवं पेयजल की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया। संबंधित पेयजल विभाग को भी आवश्यकता के अनुरूप वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा को लेकर सभी विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सभी प्रखंडों में नियंत्रण कक्ष संचालित करने का निर्देश भी दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सूचना प्राप्त कर त्वरित कार्रवाई की जा सके। विसर्जन के दौरान सर्पदंश की आशंका को देखते हुए सभी प्रखंडों के अस्पतालों में एंटी-वेनम दवा की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
दीपावली में पटाखा बिक्री स्थलों का होगा निरीक्षण
दीपावली को लेकर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पटाखों की बिक्री वाले स्थलों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया। इस दौरान सुरक्षा मानकों का जायजा लेने तथा पटाखा विक्रेताओं के लाइसेंस की जांच करने को कहा गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
छठ घाटों की साफ-सफाई एवं सुरक्षा पर विशेष जोर
छठ पर्व को लेकर सभी छठ घाटों की साफ-सफाई, तालाबों एवं घाटों पर आवश्यक बैरिकेडिंग तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा गया।
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं शांति समिति के सदस्यों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी लोग आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा शांति व्यवस्था कायम रखने में सहयोग करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी, जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी, सिमरिया प्रदीप कुमार महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चतरा सन्नी वर्धन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य तथा संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
