
चतरा । डाढ़ा पंचायत के पंचायत भवन से चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। रात के अंधेरे में मुख्य गेट का ताला तोड़कर चोरों ने कंप्यूटर, मॉनिटर, एलसीडी, जीपीएस मशीन, बैटरी, इन्वर्टर, प्रिंटर समेत कई जरूरी सरकारी सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 12 अक्टूबर को 4 बजे तक वी.एल.ई. श्यामदेव कुमार मेहता पंचायत भवन में मौजूद थे। उस समय भवन का सारा सामान सुरक्षित था। अगले दिन 13 अक्टूबर की सुबह 10 बजे भारत नेट के कर्मी जांच के लिए वी.एल.ई. के साथ पंचायत भवन पहुंचे, तो उनकी नजर पहले मुख्य गेट के टूटे ताले पर पड़ी। भीतर जाकर देखा तो कमरे से महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब थे।
घटना की सूचना तुरंत मुखिया के भाईसूर अनिल मिंझ को दी गई, जिन्होंने प्रभारी पंचायत सचिव मुन्ना उरांव को अवगत कराया। स्थल पर पहुंचकर जांच में पाया गया कि चोरों ने 14 इंच के तीन मॉनिटर, तीन सीपीयू, दो जीपीएस मशीन, दो बैटरी, इन्वर्टर स्टेबलाइजर, दो 40 इंच के एलसीडी, कैमरा हार्डडिस्क सेट, दो यूपीएस, तीन कीबोर्ड, दो एचपी प्रिंटर, दो स्टैंड फैन और भारतनेट का सीपीयू चोरी कर लिया है। प्रभारी पंचायत सचिव मुन्ना उरांव ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से घटना की जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी और दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद पंचायत भवन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी भवनों की सुरक्षा मजबूत की जाए, तभी ऐसी घटनाओं पर रोक लग सकेगी। अब पुलिस की कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की उम्मीद बनी हुई है।
