
चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग स्थित साई नाथ लाइन होटल के पास से पुलिस ने हथियार के साथ एक टीएसपीसी नक्सली संगठन के एक समर्थक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरपा गांव के भगिया बरवा टोली निवासी 40 वर्षीय मुकेश गंझू के रूप में हुई है। उसके पास से एक देशी कट्टा, 54 जिंदा गोलियां, छह मिसफायर गोलियां और दो खोखे बरामद किए गए हैं। आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में इलाके की रेकी कर रहा था। इसकी जानकारी एसपी अनिमेष नैथानी ने सोमवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि साई नाथ लाइन होटल के पास एक व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।छापेमारी दल सूचना के आधार पर चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग स्थित साई नाथ लाइन होटल के पास पहुंचा। पुलिस को देखते ही वहां मैदान में मौजूद एक व्यक्ति जंगल की ओर भागने लगा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने खदेड़कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और 10 गोलियां बरामद की गईं। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गईं 50 जिंदा गोलियां और दो खोखे भी बरामद किए गए। इस प्रकार पुलिस ने कुल 54 जिंदा गोलियां, छह मिसफायर गोलियां, दो खोखे और एक देशी कट्टा जब्त किया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को टीएसपीसी के एक नक्सली ने हथियार और कारतूस रखने दिया था। आरोपी राहुल दुबे गैंग से भी संपर्क में था। इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 421/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A, 26 और 35 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी को जेल भेज दिया है। छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक सुनील कुमार, सहायक अवर निरीक्षक रवि रंजन कुमार तथा सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
