
Chatra : रांची के रातू थाना क्षेत्र में एक बेटी की मौत ने उसके परिवार को तोड़ दिया है। चतरा जिले के मिश्रौल गांव की बेटी नाजदा खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पिता हफीज अंसारी का आरोप है कि उनकी बेटी को दहेज की मांग और संतान न होने को लेकर ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था। पिता बताते हैं कि नाजदा की शादी 15 मार्च 2019 को चतरा के ब्राह्मणी निवासी नासिर अंसारी से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद से बेटी उन्हें ससुराल की परेशानियों के बारे में बताती थी। पिता का कहना है कि बेटी को दहेज के लिए दबाव डाला जाता था और संतान न होने पर उसे ताने दिए जाते थे।
आरोप है कि 8 अक्टूबर को नाजदा के पति ने फोन पर 10 लाख रुपये की मांग की और पैसा न देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन यानी 9 अक्टूबर को नाजदा को रांची के गुरुनानक अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता का कहना है कि बेटी के शरीर पर चोट के निशान थे। वे हत्या की आशंका जताते हुए रातू थाने में आवेदन देकर दामाद और ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक बेटी की मौत के बाद मिश्रौल का परिवार न्याय की मांग कर रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
