
चतरा: सदर थाना क्षेत्र के डाढा पंचायत भवन से हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रात के अंधेरे में पंचायत भवन का सीसीटीवी कैमरा तोड़कर ताला खोल लिया और वहां रखे कंप्यूटर, बैटरी, इन्वर्टर, प्रिंटर, प्रोजेक्टर, एलईडी टीवी समेत कई जरूरी इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद वादी के लिखित आवेदन पर सदर थाना में कांड संख्या 423/2026, दिनांक 13 अक्टूबर 2026, धारा 331(4)/305 बीएनएसएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि चोरी में शामिल मुख्य आरोपी अजय कुमार हवाई अड्डे से बाहर भागने की तैयारी में था। गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी दल ने हवाई अड्डे से अजय कुमार को गिरफ्तार कर सदर थाना लाया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की गई 150 एएच की बैटरी, इन्वर्टर, प्रोजेक्टर, प्रिंटर, स्टेबलाइजर, 42 इंच का एलईडी टीवी, माउस, बायोमेट्रिक मशीन, यूपीएस, बीएसएनएल का पावर ग्रिड, डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर और चांदी का 60 ग्राम का कड़ा-ब्रेसलेट बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में अजय कुमार (30), पिता महेश यादव, निवासी चंगे, सदर थाना; सनोज कुमार (22), पिता सिताबी यादव, निवासी पोलपोल, राजपुर थाना; और देवा नायक (22), पिता अशोक नायक, निवासी पासी मुहल्ला, जतराहीबाग, सदर थाना, व दयाली भारती उम्र 29 वर्ष पिता जगदीश भुईया शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध बिराजपुर, कनौदी, टीकर, सतौर, कमात और बुच्चीवाड़ी सहित कई थाना क्षेत्रों में ताला तोड़कर चोरी, जेवरात-नगद चोरी और सीसीटीवी तोड़कर चोरी के मामले दर्ज हैं। अजय कुमार के विरुद्ध भी सदर थाना में पहले से तीन कांड दर्ज हैं। कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सनी वर्धन सदर, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनिल उराव , पुलिस अवर निरीक्षक सुनिल सिंह व राहुल सिंह, सहायक अवर निरीक्षक रवि रंजन कुमार व प्रवीण कुमार, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे गिरोह के खुलासे के लिए अनुसंधान जारी रखे हुए है।
