
चतरा जिले के लावालौंग प्रखंड अंतर्गत कटिया पंचायत सभागार में गुरुवार को कृषि उन्नति योजना के तहत अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष एवं महिला किसान दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, प्राकृतिक खेती और फसल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा कृषि उत्पादन में वृद्धि के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना था।प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व, संतुलित उर्वरकों के उपयोग, मिट्टी जांच की आवश्यकता एवं उसके लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके साथ ही खरीफ फसलों में लगने वाले प्रमुख कीटों एवं रोगों की पहचान, उनसे होने वाले नुकसान तथा उनके प्रभावी नियंत्रण के उपायों पर भी चर्चा की गई।किसानों को बताया गया कि वैज्ञानिक तरीके से खेती करने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में सुधार किया जा सकता है।कार्यक्रम में महिला किसानों की कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका पर भी जोर दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से किसानों को खेती से जुड़ी समस्याओं की पहचान कर उचित उपाय अपनाने तथा कृषि संबंधी नई तकनीकों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।इस अवसर पर कटिया पंचायत की मुखिया मिसी देवी, समाजसेवी सह मुखिया प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार चौबे, सक्रिय महिला रेखा देवी, एपीएस रेणु कुमारी, बीटीएम, एटीएम एवं कृषक मित्र सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कृषि संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कर बेहतर और टिकाऊ खेती अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
रिपोर्टर मो० साजिद
