
चतरा: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रामगढ़ जिले में संगठन को और मजबूत बनाने के लिए चतरा निवासी योगेंद्र यादव पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने उन्हें रामगढ़ जिले का संगठन प्रभारी मनोनीत किया है। इस नियुक्ति के साथ योगेंद्र यादव पर जिले में पार्टी के संगठन को गतिशील बनाने और कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की जिम्मेदारी आ गई है।

नियुक्ति के बाद योगेंद्र यादव ने कहा कि वे राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सामाजिक न्याय के प्रणेता लालू प्रसाद यादव के विचारों और सिद्धांतों को रामगढ़ जिले के हर कोने तक पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की नींव कार्यकर्ता और बूथ हैं, इसलिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। योगेंद्र यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय, गरीबों और पिछड़े वर्ग के हित तथा जनता की समस्याओं को पार्टी की प्राथमिकता बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपेक्षा की कि वे मिलकर जिले में पार्टी की उपस्थिति और जनसंपर्क बढ़ाएं। राजद प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने हाल में प्रदेश स्तर पर संगठनात्मक विस्तार किया है और नई कार्यकारिणी के साथ पार्टी को सक्रिय बनाने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। इसी कड़ी में रामगढ़ जिले में योगेंद्र यादव की नियुक्ति को पार्टी की संगठनात्मक तैयारी का महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
