
टंडवा (चतरा) : ट्रेलर चोरी की घटना का टंडवा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी गया ट्रेलर और उसका इंजन (हार्स) भी बरामद कर लिया है। कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, एके सी कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत नजिर (21), पुत्र इसाक, निवासी आर्य नगर, थाना आजाद नगर, जिला उड़ीसा ने लिखित आवेदन देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने वाहन संख्या HR39F-0083 चोरी कर लिया है। इसके आधार पर टंडवा थाने में कांड संख्या 235/26, दिनांक 14 अक्टूबर 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की छानबीन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टंडवा प्रभात कुमार बरवार के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित कार्रवाई के बल पर पुलिस ने चोरी गए ट्रेलर को भुरकुंडा ओपी क्षेत्र में एक अन्य इंजन के साथ लगा हुआ बरामद किया। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसी वाहन का इंजन (हार्स) हजारीबाग जिले के चरही थाना क्षेत्र से भी बरामद कर लिया गया।
