
चतरा : दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर चतरा एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर शनिवार को हंटरगंज में पुलिस प्रशासन की ओर से फ्लैग मार्च निकाला गया। एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में निकाले गए इस फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आम लोगों को निर्भीक होकर त्योहार मनाने का भरोसा दिलाया। फ्लैग मार्च में पुलिस पदाधिकारियों और जवानों की सक्रिय भागीदारी से क्षेत्र में सुरक्षा का संदेश दिया गया। फ्लैग मार्च हंटरगंज थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, नावाडीह समेत विभिन्न प्रमुख मार्गों और शहरी क्षेत्रों से गुजरा। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों के आसपास की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना, आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकना है।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से दुर्गा पूजा को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाने की अपील की। लोगों से कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री को बिना पुष्टि किए साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने का आग्रह भी किया गया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। ऐसे लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि दुर्गा पूजा सभी के लिए आस्था और उल्लास का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है। फ्लैग मार्च में हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार, एसआई नितेश कुमार, वीर बहादुर सिंह, संजय सिंह समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी, एएसआई और पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।
