
Chatra : कान्हाचट्टी: प्रखंड क्षेत्र के मदगड़ा ग्राम (हरहद) में माता कोलेश्वरी प्राण प्रतिष्ठा सह शतचंडी यज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ किया गया। इस पावन अवसर पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में आस्था का अद्भुत जनसैलाब उमड़ पड़ा। बड़ी संख्या में माताओं एवं बहनों की सहभागिता ने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
कलश यात्रा के दौरान सैकड़ों महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर सिर पर कलश लिए भक्ति गीतों के साथ आगे बढ़ीं। श्रद्धालु निकटवर्ती नदी तक पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा-अर्चना कर कलश में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद महिलाएं भजन-कीर्तन करते हुए यज्ञ स्थल तक लौटीं। पूरे मार्ग में जयकारों और भक्ति संगीत से वातावरण भक्तिमय बना रहा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। मौके पर मदगड़ा पंचायत की मुखिया सुप्रिया कुमारी एवं उनके पति रंजन साव, पूर्व मुखिया योगेश यादव, कैंडी नगर के मुखिया पति अमित कुमार, बिक्की राम सहित पंचायत समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का प्रतीक बताया।
कलश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। भीषण गर्मी को देखते हुए रास्ते में पेयजल की व्यवस्था की गई थी, जबकि स्वयंसेवकों की टीम पूरे समय व्यवस्था संभालती रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। ग्रामीणों ने बताया कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से न केवल आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण होता है, बल्कि आपसी भाईचारा और सामाजिक समरसता भी मजबूत होती है। मुखिया प्रतिनिधि ने जानकारी दी कि आगामी दिनों में नगर परिक्रमा, शोभा यात्रा और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
इस भव्य आयोजन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया है और लोगों में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
संवाददाता,नितेश कुमार सिंह
