
Chatra : लावालौंग थाना पुलिस ने नक्सली गतिविधियों से जुड़े एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे अभियुक्त कुलदीप गंझु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार कुलदीप गंझु ग्राम सिल्दाग,का रहने वाला है।पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, यह कार्रवाई लावालौंग थाना कांड संख्या 63/2022, दिनांक 18 नवंबर 2022, धारा 17(i)(ii) CLA एक्ट के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार कुलदीप गंझु का वर्ष 2023 में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए नक्सली अमर सिंह भोक्ता से गहरा संपर्क और दोस्ती थी। इसी संपर्क के माध्यम से बाद में उसका संबंध लंबे समय से फरार चल रहे मनोहर गंझु से हुआ।पुलिस का आरोप है कि कुलदीप गंझु मनोहर गंझु के लिए सहयोगी के रूप में काम कर रहा था और उसके लिए खाने-पीने सहित अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराता था। पुलिस के अनुसार, वह मनोहर गंझु के संपर्क में रहकर क्षेत्र में अपना प्रभाव बनाए हुए था। साथ ही, पुलिस ने उस पर ठेकेदारों और मनोहर गंझु के बीच लेवी के सेटलमेंट में मध्यस्थ की भूमिका निभाने का भी आरोप लगाया है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पूर्व में NDPS एक्ट से जुड़े मामलों में भी जेल जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।गिरफ्तारी अभियान में लावालौंग थाना पुलिस के पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नक्सलियों एवं आपराधिक गतिविधियों को सहयोग या पनाह देने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि नक्सलियों और आतंक को पनाह देने वालों की अब खैर नहीं है और ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्टर मो0 साजिद
