
चतरा: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत पत्थलगड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नावाड़ीह बेल मोड़ के पास एक किलो अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय ठाकुर के रूप में हुई है। बरामद अफीम की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रांची से एक युवक अफीम की खरीद-बिक्री के मकसद से पत्थलगड़ा क्षेत्र में पहुंचा है। सूचना पर पुलिस ने नावाड़ीह बेल मोड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध युवक को रोका गया और तलाशी में उसके पास से एक किलो अफीम बरामद हुई।
इस मामले में सिमरिया एसडीपीओ नागरगेज शुभम भाऊ साहेब ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पुलिस को पहले से ही तस्कर की आवाजाही की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन क्लीन के तहत नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और किसी भी सूचना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
पुलिस ने बरामद अफीम को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है। गिरफ्तार संजय ठाकुर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अफीम के स्रोत का खुलासा कराया जाएगा।
