
Chatra : लावालौंग प्रखंड मुख्यालय स्थित मॉडल स्कूल में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है।गुरुवार रात करीब दो बजे एक बार फिर चोरों ने स्कूल परिसर में घुसकर चोरी का प्रयास किया और जमकर उत्पात मचाया।रात्रि प्रहरियों की सतर्कता,ग्रामीणों और पुलिस के समय पर पहुंचने से चोर वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके।घटना के बाद प्रधानाध्यापक भागीरथ मिस्त्री ने लावालौंग मुखिया नेमन भारती की उपस्थिति में थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं मुखिया ने किसी भी सूरत में चोरों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि घटना के समय दोनों रात्रि प्रहरी कार्यालय कक्ष में सो रहे थे।रात करीब दो बजे अचानक बिजली बंद हो गई।एक प्रहरी जब लाइट जलाने के लिए दरवाजा खोलने पहुंचा तो पाया कि कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया था।इसी दौरान स्कूल की ऊपरी मंजिल से ताला तोड़ने की आवाज सुनाई दी।इसके बाद प्रहरियों ने तुरंत प्रधानाध्यापक को फोन कर सूचना दी।सूचना मिलते ही प्रधानाध्यापक ने पुलिस को घटना की जानकारी दी और आसपास के युवकों को भी बुलाया।ग्रामीण लाठी-डंडों के साथ स्कूल पहुंचे तथा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। लेकिन पुलिस और ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही चोर फरार हो गए।
जांच के दौरान पता चला कि चोरों ने स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया था तथा आईसीटी कक्ष का ताला तोड़ने का प्रयास किया। हालांकि किसी सामान की चोरी नहीं हो सकी। प्रधानाध्यापक ने बताया कि यह स्कूल में चोरी की चौथी घटना है।इससे पहले पहली बार चोर स्कूल परिसर में लगे बोरिंग का मोटर चुरा ले गए थे।दूसरी बार पिछले वर्ष दिसंबर माह में चार की संख्या में आए चोरों ने स्कूल के सीसीटीवी कैमरे,खेल सामग्री की चोरी कर ली थी। साथ ही टीवी, खेलने का नेट समेत लाखों रुपये की सामग्री को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया था।तीसरी घटना में चोर स्कूल से बैटरी और इन्वर्टर भी चुरा ले गए थे। लगातार हो रही चोरी और चोरी के प्रयास की घटनाओं से स्कूल प्रशासन, शिक्षक एवं स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता है।प्रधानाध्यापक ने बताया कि स्कूल में चारदीवारी नहीं रहने के कारण स्कूल की सूरक्षा में सेंध लगाया जा रहा है। वहीं कुछ नशेड़ी शाम होते ही विद्यालय के आस पास और परिसर में घंटों तक बैठकर नशा और अड्डाबाजी करते हैं।और सिगरेट और बोतल वहीं छोड़ देते हैं जिससे बहुत आहत महसूस हो रहा है। पुलिस ने कहा है कि जो लोग भी शाम या किसी भी समय स्कूल या उसके आसपास अनावश्यक अड्डा बाजी और नशाखोरी करते हैं तो उनका नाम दर्ज करवाया जाए ऐसे लोगों के ऊपर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर मो0 साजिद
