
चतरा जिले में वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती पर रोक लगाने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को लावालौंग वन प्रक्षेत्र अंतर्गत बंदारू सुरक्षित वन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अफीम की खेती के उद्देश्य से खेत तैयार कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ईश्वर गंझू (उम्र लगभग 30 वर्ष), पिता धनेश्वर गंझू, निवासी ग्राम मलिया, थाना चतरा, जिला चतरा के रूप में हुई है। गिरफ्तारी ज्ञापन के अनुसार, अभियुक्त को दोपहर करीब 3 बजे गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 (बिहार संशोधन अधिनियम, 1989-90) की धारा 33 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को चतरा वन परिसर लाया गया।
इसके पश्चात वन परिसर पदाधिकारी, लावालौंग द्वारा सदर अस्पताल, चतरा में अभियुक्त की स्वास्थ्य एवं कोरोना जांच कराने के लिए पत्र भेजा गया। सदर अस्पताल में 19 नवंबर 2026 को उसकी चिकित्सकीय जांच की गई, जिसमें चिकित्सक ने उसे हिरासत में रखने के लिए फिट (Fit for Custody) पाया। इसके बाद उसके विरुद्ध निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ड्रोन से की गई अफीम प्रभावित क्षेत्र की निगरानी
कार्रवाई के दौरान बंदारू सुरक्षित वन के अफीम प्रभावित क्षेत्र की ड्रोन के माध्यम से सघन निगरानी की गई। इसका उद्देश्य वन क्षेत्र में अवैध रूप से खेत तैयार करने एवं अफीम की खेती से जुड़ी गतिविधियों की पहचान करना तथा ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। वन विभाग द्वारा संवेदनशील वन क्षेत्रों में निगरानी एवं कार्रवाई जारी रखी जा रही है।
वन प्रमंडल पदाधिकारी दक्षिणी अहमद बेलाल अनवर ने कहा कि वन क्षेत्रों में अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती करना कानूनन अपराध है। वन विभाग द्वारा ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। इस कार्य में ड्रोन एवं जीआईएस तकनीक का भी उपयोग किया जा रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। वन भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध खेती के विरुद्ध विभाग का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना वन विभाग को दें तथा वन एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।
इस अभियान में लावालौंग एवं चतरा वन प्रक्षेत्र के कर्मियों के साथ जीआईएस (GIS) टीम के सदस्य शामिल रहे। गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रधान वनरक्षी श्री पंकज कश्यप द्वारा की गई। इस दौरान प्रधान वनरक्षी श्री रमेश गंझू एवं प्रधान वनरक्षी श्री राकेश कुमार गवाह के रूप में श्री समरेश गंझू उपस्थित रहे।
