
कान्हाचट्टी (चतरा)। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित गृह प्रवेश सप्ताह कार्यक्रम के अवसर पर शनिवार, 21 नवंबर को कान्हाचट्टी प्रखंड की बकचुंबा पंचायत में पीएम आवास एवं अबुआ आवास योजना के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नवनिर्मित पक्के आवासों में लाभुक परिवारों ने विधि-विधान के साथ गृह प्रवेश किया। अपने नए घर में प्रवेश करते ही लाभुकों के चेहरे पर खुशी और संतोष देखने को मिला। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर तिवारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुनील प्रकाश, प्रखंड प्रमुख इंदु कुमारी, पंचायत की मुखिया पार्वती देवी, पंचायत समिति सदस्य कौशल्या देवी, मुखिया प्रतिनिधि बद्री दांगी एवं प्रमुख प्रतिनिधि प्रदीप पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाभुक परिवारों को नए आवास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर परिवार का सपना होता है कि उसका अपना एक सुरक्षित और पक्का मकान हो। सरकार की पीएम आवास एवं अबुआ आवास योजनाओं का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद और पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। पक्का मकान मिलने से गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को न केवल सुरक्षित आश्रय मिलता है, बल्कि उनके जीवन में स्थायित्व और सम्मान भी बढ़ता है। कार्यक्रम के दौरान लाभुकों के बीच उत्साह का माहौल रहा। वर्षों से अपने पक्के घर का सपना संजोए परिवारों के लिए यह दिन यादगार बन गया। गृह प्रवेश के अवसर पर लाभुकों ने सरकार की आवास योजना के प्रति आभार जताया और अपने नए आशियाने में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंचाना जरूरी है। इसके लिए पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन और पात्र लाभुकों को लाभ दिलाने में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। गृह प्रवेश सप्ताह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्रों में आवास योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ पक्के मकान का सपना पूरा होने की खुशी को भी साझा करने का अवसर प्रदान किया।
