
चतरा जिले में वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को चतरा वन प्रक्षेत्र अंतर्गत मर्दनपुर सुरक्षित वन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अफीम की खेती के उद्देश्य से तैयार खेत में पटवन कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान भूषण तिर्की (उम्र लगभग 35 वर्ष), पिता अल्विस तिर्की, ग्राम गेरी, पंचायत आरा, थाना एवं जिला चतरा के रूप में हुई है। गिरफ्तारी ज्ञापन के अनुसार, उसे दोपहर करीब 2 बजे गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम, 1927 (बिहार संशोधन अधिनियम, 1989-90) की धारा 33 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को चतरा वन परिसर लाया गया। इसके बाद वन परिसर पदाधिकारी, चतरा द्वारा सदर अस्पताल में उसकी स्वास्थ्य एवं कोरोना जांच कराने के लिए पत्र भेजा गया। 20 नवंबर को चिकित्सकीय जांच के उपरांत चिकित्सक ने उसे हिरासत में रखने के लिए फिट घोषित किया। इसके बाद निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ड्रोन से अफीम प्रभावित वन क्षेत्रों की सघन निगरानी
कार्रवाई के दौरान मर्दनपुर सुरक्षित वन के अफीम प्रभावित क्षेत्र की ड्रोन के माध्यम से सघन निगरानी की गई। इसके जरिए वन क्षेत्र में अवैध रूप से खेत तैयार करने एवं अफीम की खेती से जुड़ी गतिविधियों की पहचान करने का प्रयास किया गया। वन विभाग द्वारा संवेदनशील वन क्षेत्रों में तकनीक आधारित निगरानी के साथ अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कार्रवाई जारी है।
वन एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए विभाग प्रतिबद्ध : अहमद बेलाल अनवर
इस संबंध में वन प्रमंडल पदाधिकारी, दक्षिणी वन प्रमंडल, श्री अहमद बेलाल अनवर ने कहा कि वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता (अफीम) की खेती करना कानूनन अपराध है। वन क्षेत्रों को ऐसी अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान एवं प्रभावी निगरानी के लिए ड्रोन और जीआईएस (GIS) तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे अवैध गतिविधियों का समय रहते पता लगाकर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने कहा कि वन भूमि पर अतिक्रमण और अवैध खेती के विरुद्ध विभाग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना वन विभाग को दें तथा वन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय सहयोग करें।
इस कार्रवाई में चतरा वन प्रक्षेत्र के कर्मियों के साथ जीआईएस (GIS) टीम के सदस्य शामिल रहे। गिरफ्तारी की कार्रवाई प्रधान वनरक्षी मो. खुर्शीद आलम द्वारा की गई। इस दौरान प्रधान वनरक्षी श्री अनुज कुमार एवं प्रधान वनरक्षी श्री राकेश कुमार गवाह के रूप में उपस्थित रहे।
