
चतरा : वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के कोन गांव के समीप कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़ जोरी के पास सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा से हुई लूटपाट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों के भागने के क्रम में छूटे चप्पल भी बरामद किए थे, जिसमें एक जोड़ी चप्पल गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार की बताई गई है। यह जानकारी बुधवार को पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे सरस्वती ज्वेलर्स के मालिक मृत्युंजय कुमार वर्मा कस्तूरबा विद्यालय प्रतापपुर मोड़ जोरी के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधकर्मियों ने उन्हें निशाना बनाकर मोबाइल फोन और सोने की चेन लूट ली। अपराधियों ने दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की और मौके से फरार हो गए। घटना को लेकर वशिष्ठ नगर थाना में कांड संख्या 117/26, के तहत धारा 309(6)/311 बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। डीएसपी ने बताया कि एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
टीम द्वारा घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापामारी की जा रही थी। इसी क्रम में 11 अगस्त को अमित कुमार, बीटु कुमार और रोहित कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अमित कुमार की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और अपाची मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार (24 वर्ष), पिता अजय दास, ग्राम परासिया, थाना हंटरगंज, जिला चतरा, बीटु कुमार (करीब 18 वर्ष), पिता राजू दास, ग्राम छोटकी जोरी, थाना वशिष्ठ नगर, जिला चतरा तथा रोहित कुमार (करीब 18 वर्ष), पिता रामरतन भारती, ग्राम करैलीबार, थाना वशिष्ठ नगर, जिला चतरा शामिल हैं।
गिरफ्तार अमित कुमार का रहा है आपराधिक इतिहास
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध हंटरगंज थाना में वर्ष 2021 में डकैती से संबंधित मामला दर्ज है। इसके अलावा बिहार के शेरघाटी थाना एवं बहेरा ओपी में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। अमित कुमार के विरुद्ध दर्ज मामलों में हंटरगंज थाना कांड संख्या 175/21, दिनांक 16 दिसंबर 2021, धारा 395 भादवि शामिल है। इसके अलावा शेरघाटी थाना कांड संख्या 356/24, 379/24 तथा बहेरा ओपी कांड संख्या 43/24 भी उसके आपराधिक इतिहास में शामिल हैं।
