
चतरा: सिमरिया-बगरा रोड पर गोआ पेट्रोल पंप के समीप सोमवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। कोयला हाइवा की चपेट में आने से डाड़ी बकचोमा गांव निवासी शाहबाज अंसारी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से सिमरिया से बगरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोआ पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार कोयला वाहन की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में मातम पसरा है। आक्रोशित ग्रामीण मुआवजे और सड़क सुरक्षा की मांग को लेकर सिमरिया सुभाष चौक पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। धरनास्थल पर JLKM नेता मोहम्मद गुलाम और JMM नेता मनोज चंद्रा मौजूद हैं। वहीं, सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता और सीओ गौरव कुमार ग्रामीणों को समझाने-बुझाने तथा स्थिति को शांत कराने का प्रयास कर रहे हैं। इस दौरान JLKM नेता मोहम्मद गुलाम ने कोयला वाहनों से लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि हादसों में लोगों की जान जाने के बावजूद अलग बाईपास सड़क के निर्माण की दिशा में ठोस पहल क्यों नहीं हो रही है। उन्होंने मांग की कि बाईपास का निर्माण होने तक कोयला ढुलाई पर रोक लगाई जाए, ताकि बेगुनाह लोगों की जान बचाई जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने, घायल युवक के इलाज की व्यवस्था करने और बाईपास निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है। उनकी मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहने की बात कही जा रही है।
