
हजारीबाग | मिलेनियम पब्लिक स्कूल, हजारीबाग ने विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से “कॉइन हेल्प प्रोजेक्ट” के तहत एक प्रेरणादायक सामाजिक सेवा अभियान चलाया। इस पहल में बच्चों की छोटी-छोटी बचत ने जरूरतमंद परिवारों के चेहरों पर मुस्कान ला दी। विद्यालय की नर्सरी से कक्षा 10 तक के विद्यार्थियों ने पूरे एक महीने तक अपनी पॉकेट मनी से स्वेच्छा से ₹1, ₹2 और अन्य छोटे सिक्के कॉइन हेल्प बॉक्स में जमा किए। सभी कक्षाओं से एकत्रित राशि की गणना के बाद अच्छी धनराशि जुटाई गई, जिससे जरूरतमंद परिवारों के लिए राशन किट तैयार की गई। विद्यालय प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र के पांच गरीब एवं असहाय परिवारों का चयन किया। इसके बाद विद्यालय के क्लास मॉनिटर्स की उपस्थिति में प्रधानाचार्य हमजा पी. एम. के मार्गदर्शन और एडमिन साकिब अख्तर के नेतृत्व में चयनित परिवारों को सम्मानपूर्वक राशन किट वितरित की गई। इस अवसर पर एकेडमिक इंचार्ज नाजनीन मोबीन, सेक्शन हेड सुफिया नाज़, क्लास टीचर साजिद सर सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और मानवता व सेवा का प्रेरणादायक संदेश दिया। कार्यक्रम की स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल बच्चों में दया, सहयोग, सामाजिक संवेदना और मानव सेवा जैसे गुण विकसित करती है। साथ ही उन्हें भविष्य में एक जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा भी मिलती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य हमजा पी. एम. ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबों का ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भीतर अच्छे संस्कार, मानवीय मूल्य और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना भी है। उन्होंने बताया कि विद्यालय आगे भी ऐसे सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा, ताकि बच्चे समाज सेवा के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर एक बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे सकें।
