
हजारीबाग /बड़कागांव : रविवार की शाम बड़कागांव थाना क्षेत्र के कोयलंग गांव के पास बाकपंजा टोला जंगल में सन्नाटा तोड़ती पुलिस की कार्रवाई ने अपराधियों की नींद उड़ा दी। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर थाना प्रभारी बड़कागांव के नेतृत्व में वहां चेकिंग लगाई गई। इसी दौरान गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के सक्रिय सदस्य संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 9mm का पिस्टल, छह जिंदा गोलियां, प्रिंस खान गिरोह से जुड़े दो पर्चे (जिन पर KSS लिखा था) और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया। सभी बरामद सामानों की जप्ती सूची बनाकर विधिवत जप्त कर ली गई।
इस मामले में बड़कागांव थाना में कांड संख्या 157/26 दिनांक 06/09/26 धारा 111(3)/111(4)/61(2) बी.एन.एस. और 25(1-B)a/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार अभियुक्त संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा पिता स्व. निरंजन महतो, निवासी तलसवार, थाना बड़कागांव, जिला हजारीबाग को आज ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में दहशत और आम जनता में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। पुलिस की इस सफलता को स्थानीय लोग सराह रहे हैं।
