
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र के कोची गांव में रविवार की सुबह तालाब में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।मृतक की पहचान इसी गांव निवासी लालदेव भुइंया के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, लालदेव भुइंया रविवार सुबह अपने दो भाइयों के साथ पितरों को जल अर्पित करने के लिए तालाब पहुंचा था।तीनों तालाब में स्नान कर रहे थे।उसके दोनों भाई किनारे की ओर स्नान कर रहे थे,जबकि लालदेव स्नान करते-करते कुछ गहराई की ओर चला गया।इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूबने लगा।
लालदेव को डूबता देख उसके भाइयों में से एक तत्काल गांव की ओर दौड़ा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही गांव के लोग तालाब की ओर पहुंचे और लालदेव को बचाने का प्रयास किया।हालांकि,तब तक काफी देर हो चुकी थी और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई थी।घटना की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास पहुंच गए। अचानक हुई मौत से गांव में मातम पसर गया।बताया गया कि लालदेव के छह बेटे और दो बेटियां हैं।इनमें अभी केवल दो बेटों की ही शादी हुई है।परिवार के मुखिया की इस तरह अचानक मौत होने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।इस बावत बीडीओ विपिन कुमार भारती ने कहा कि मृतक की पत्नी को आपदा राहत कोष से चार लाख रुपए की राशि के साथ आवास एवं पेंशन का लाभ दिया जाएगा।
रिपोर्टर मो0 साजिद
