
Chatra : लावालौंग मुख्यालय के आसपास वन विभाग की ओर से वन्य प्राणी सप्ताह के तहत सात दिवसीय जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान की शुरुआत महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को प्रभात फेरी निकालकर की गई। अभियान के माध्यम से लोगों को वन, वन्यजीव एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।वन विभाग के वनरक्षी अमित कुमार ने बताया कि वन्य प्राणी सप्ताह के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन सात दिनों तक किया जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को लावालौंग मुख्यालय के आसपास प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं आवासीय विद्यालय के बच्चों ने मुख्य रूप से भाग लिया।प्रभात फेरी के दौरान बच्चों ने लोगों को वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। साथ ही जंगलों को आग से बचाने, वन्यजीवों का शिकार नहीं करने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया। बच्चों की सहभागिता से कार्यक्रम में उत्साह का माहौल रहा।वन विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन वनरक्षी अमित कुमार एवं फॉरेस्ट पदाधिकारी रवि कुमार के कुशल नेतृत्व में किया गया। अधिकारियों ने कहा कि वन एवं वन्यजीवों का संरक्षण केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम लोगों की सहभागिता भी आवश्यक है। अभियान के दौरान लोगों को वन्यजीवों की उपयोगिता तथा पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी जाएगी।वन विभाग के अनुसार, आगामी छह दिनों में भी वन्यजीव संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों और युवाओं में वन्यजीवों एवं प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
