
चतरा/हंटरगंज। हंटरगंज पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की बोलेरो के साथ कुख्यात अपराधी रामभज्जू यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी बिहार के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल रह चुका है और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। पुलिस को आशंका है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में था। पुलिस अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के गोपालपुर से सैयपुर और मायापुर होते हुए चोरी की बोलेरो लेकर एक अपराधी जजलो बाजार की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी पु०अ०नि० संदीप कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मिरपुर कब्रिस्तान के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध बोलेरो को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार रामभज्जू यादव से जब गाड़ी के कागजात मांगे गए, तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में बोलेरो चोरी की निकली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के रेबदा गांव का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, रामभज्जू यादव के खिलाफ बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार जेल जा चुका है।
बोलेरो और दो मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की बोलेरो, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR01PH-5435 है, और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में हंटरगंज थाना कांड संख्या 164/26, दिनांक 2 अक्टूबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 317(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कई थानों में दर्ज हैं मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रामभज्जू यादव के खिलाफ आरा नवादा, पाकुड़ मुफस्सिल, चौपारण, हंटरगंज, शेरघाटी, बाराचट्टी, आमस और तिलैया थानों में मामले दर्ज हैं। इनमें डकैती, हत्या, लूट और हथियार रखने से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली टीम में हंटरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार, पु०अ०नि० राजदेव पांडेय और हंटरगंज थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
