
गिद्धौर। चतरा पुलिस की सतर्कता से नशे की एक बड़ी खेप अपने गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गिद्धौर थाना क्षेत्र के सलीमपुर मोड़ के पास एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से 20.98 ग्राम ब्राउन शुगर, 15,500 रुपये नकद, मोबाइल फोन, चांदी की चेन, मोटरसाइकिल और व्हाट्सऐप चैटिंग का प्रिंट बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि अपराधी प्रवृत्ति का एक व्यक्ति अपाची मोटरसाइकिल से चतरा से हजारीबाग की ओर जाने वाला है। सूचना मिलते ही सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र हांसदा के नेतृत्व में छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सलीमपुर मोड़ के पास जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान चतरा की ओर से काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल पर एक युवक पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। सशस्त्र बलों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुई। पूछताछ में गिरफ्तार युवक की पहचान निराला कुमार, उम्र करीब 19 वर्ष, पिता अनिल कुमार दांगी, ग्राम लोवागड़ा, थाना सदर, जिला चतरा के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि बरामद सामान की जांच और मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।
इस संबंध में गिद्धौर थाना कांड संख्या 94/26, दिनांक 29 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(बी), 21(बी), 22(बी), 27(ए), 28 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
छापामारी दल में शामिल
कार्रवाई में सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र हांसदा, गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री और गिद्धौर थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र जवान शामिल थे।
