
कान्हाचट्टी (चतरा)। कान्हाचट्टी प्रखंड के तुलबुल पंचायत अंतर्गत जसपुर गांव के मथुरा चौक में शनिवार को जिला ग्राम सभा मंच, चतरा की ओर से ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीणों को जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों के साथ-साथ वन अधिकार कानून, 2006 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान ग्रामीणों को व्यक्तिगत एवं सामुदायिक वन अधिकार पट्टा प्राप्त करने की प्रक्रिया और ग्राम सभा की भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।
बैठक में जिला ग्राम सभा मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि वन क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए वन अधिकार कानून महत्वपूर्ण अधिकार प्रदान करता है। ग्रामीणों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर ग्राम सभा के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की बात कही गई। बैठक में व्यक्तिगत वन पट्टा एवं सामुदायिक वन पट्टा से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। वन भूमि से जुड़े मामलों के समाधान पर चर्चा,बैठक के दौरान जसपुर समेत आसपास के मौजा गांवों में वन भूमि से जुड़े मामलों को लेकर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने बताया कि जसपुर, कंदरी और सरेया मौजा सहित आसपास के क्षेत्रों में करीब 25 लोगों पर वन विभाग की ओर से वन भूमि अतिक्रमण से संबंधित मामले दर्ज किए गए हैं। मंच के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों को इन मामलों के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने और संबंधित स्तर पर विषय को उठाने का भरोसा दिया। 23 अक्टूबर को रांची में राज्यस्तरीय आमसभा बैठक में आगामी 23 अक्टूबर 2026 को रांची के मोरहाबादी मैदान में प्रस्तावित राज्यस्तरीय आमसभा में शामिल होने को लेकर भी चर्चा की गई। ग्रामीणों को कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक संख्या में रांची पहुंचने की योजना बनाई गई। बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की बात कही गई है। इस दौरान गांव में कार्यक्रम को लेकर प्रचार-प्रसार भी किया गया तथा ग्रामीणों से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई।
बैठक में जिला ग्राम सभा मंच के जिला प्रभारी अशोक भारती, जिला सचिव सिकेंद्र खरवार, सदस्य प्रेमलता महतो, उपाध्यक्ष लखन सिंह भोक्ता, संदीप यादव, विजय सिंह खरवार, कारू भुइयां समेत दर्जनों महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे। बैठक के दौरान ग्रामीणों ने वन अधिकार कानून से जुड़े मुद्दों को लेकर जानकारी प्राप्त की और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने की बात कही।
