
कान्हाचट्टी/चतरा । राजपुर पंचायत में केशरवानी वैश्य सभा के तत्वावधान में भगवान गोत्राचार्य महर्षि कश्यप मुनि की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। समारोह में समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि कश्यप मुनि के चित्र के समक्ष पूजा-अर्चना और श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महर्षि कश्यप मुनि सनातन परंपरा में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। उनके जीवन और आदर्शों से समाज को एकता, अनुशासन, सेवा और संस्कार की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने तथा सामाजिक और शैक्षणिक विकास के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने पर जोर वक्ताओं ने कहा कि समाज की मजबूती संगठन और आपसी सहयोग पर निर्भर करती है। बच्चों और युवाओं को शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति, परंपरा और पूर्वजों के इतिहास से जोड़ना जरूरी है, ताकि वे अपनी पहचान और विरासत को समझ सकें। समारोह में बच्चों ने नृत्य, भजन और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। अभिभावकों और समाज के लोगों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उनकी सराहना की। आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और सामाजिक परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। समारोह के दौरान समाज में भाईचारा और सामाजिक एकजुटता बनाए रखने पर चर्चा हुई। अंत में श्रद्धालुओं और उपस्थित लोगों के बीच प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कान्हाचट्टी संवादाता नितेश कुमार सिंह
