
चतरा। डाक-पार्सल के नाम पर शराब की बड़ी खेप बिहार ले जाने की तैयारी थी, लेकिन पुलिस की सतर्कता से तस्करों की योजना नाकाम हो गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जोरी थाना गेट के पास चल रही वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग के डाक-पार्सल पिकअप वाहन से 1,728 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की। मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान वाहन संख्या JH10CD 8835 को संदिग्ध परिस्थितियों में रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम विकास कुमार उर्फ विकेश कुमार राय बताया। वह करीब 27 वर्ष का है और बिहार के सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र स्थित मढ़ौरा गांव का रहने वाला है। तलाशी के दौरान पिकअप वाहन के पीछे बने कंपार्टमेंट में Officer’s Choice कंपनी की शराब से भरी 200 पेटियां मिलीं। प्रत्येक पेटी में 180 एमएल की 48 बोतलें थीं। पुलिस ने कुल 1,728 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद करते हुए उसे विधिवत जब्त कर लिया। पुलिस ने शराब के साथ आरोपी के पास से Redmi A5 कंपनी का एक मोबाइल फोन और शराब ढोने में इस्तेमाल किए जा रहे पिकअप वाहन को भी जब्त किया है। पूछताछ में चालक ने वाहन के कंपार्टमेंट में अवैध शराब लोड होने की बात स्वीकार की। इस मामले में वशिष्ठनगर थाना कांड संख्या 135/2026, दिनांक 4 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275 और 3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक रमापति कुम्हार, हवलदार रास बिहारी शुक्ला, आरक्षी देववंश कुमार, आरक्षी जितेंद्र कुमार दास और चालक आरक्षी मनोज कुमार सिन्हा शामिल थे।
