
चतरा उपायुक्त रवि आनंद ने आज जिले के टंडवा प्रखंड स्थित एनटीपीसी नॉर्थ करणपुरा सुपर थर्मल पावर परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना में विद्युत उत्पादन, कोयला आपूर्ति एवं भंडारण, संयंत्र के संचालन तथा इससे संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान परियोजना प्रमुख श्री मनीष खेत्रपाल ने उपायुक्त को परियोजना की वर्तमान परिचालन स्थिति, विद्युत उत्पादन, कोयले की उपलब्धता, आपूर्ति एवं भंडारण तथा कोयला प्रबंधन व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने परियोजना के सुचारु संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। इस दौरान राख प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त रवि आनंद ने परियोजना के सुचारु एवं कुशल संचालन के साथ पर्यावरणीय मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने जिला प्रशासन एवं एनटीपीसी के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए परियोजना से संबंधित विषयों के प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन की दिशा में आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परियोजना की कार्यप्रणाली एवं विभिन्न संचालन व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों एवं आवश्यक प्रक्रियाओं का अनुपालन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। एनटीपीसी की ओर से महाप्रबंधक (संचालन एवं अनुरक्षण) अजय केरहळकर, महाप्रबंधक (अनुरक्षण) गणपति भट्ट, महाप्रबंधक (यांत्रिक अभियांत्रिकी) जुनैद जावेद, अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री तनमय दत्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
