
हजारीबाग | सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मिलेनियम पब्लिक स्कूल, हजारीबाग की ओर से रविवार सुबह पबरा मोड़ पर हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने का संदेश दिया। अभियान के दौरान हेलमेट पहनकर वाहन चला रहे बाइक चालकों को बच्चों ने टॉफियां देकर सम्मानित किया और उनके इस अच्छे कदम की सराहना की। वहीं, बिना हेलमेट के वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें हेलमेट पहनने के फायदे बताए गए। बच्चों ने समझाया कि हेलमेट सड़क दुर्घटनाओं में सिर की गंभीर चोट से बचाता है और हर व्यक्ति को अपनी तथा अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनना चाहिए। विद्यालय के इस अनोखे अभियान को राहगीरों और वाहन चालकों ने खूब सराहा। लोगों ने कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का काम करते हैं और युवाओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी जिम्मेदार बनाते हैं। अभियान के दौरान एक बाइक चालक बच्चों की सोच और उनके प्रयास से इतना प्रभावित हुआ कि उसने स्वयं रुककर बच्चों का उत्साह बढ़ाया और उनके बीच टॉफियों का वितरण किया। इस घटना ने कार्यक्रम का उत्साह और भी बढ़ा दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल हमजा पी.एम., एकेडमिक कोऑर्डिनेटर नाजनीन मोबीन, प्रीफेक्ट इंचार्ज सैफुद्दीन तथा एडमिन साकिब अख्तर मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
विद्यालय प्रबंधन ने अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी समाजहित और जनजागरूकता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
