
हजारीबाग | शहर के बीचोंबीच स्थित खिरगांव, लेपो रोड और डॉक्टर ज़ाकिर हुसैन रोड के लोगों ने रात के समय कोयला लदी भारी गाड़ियों के लगातार आवागमन पर गंभीर चिंता जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर रात सैकड़ों बड़ी कोयला लदी गाड़ियां इस इलाके से गुजरती हैं, जिससे क्षेत्र में रहने वाले लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
लोगों का आरोप है कि इन गाड़ियों से उड़ने वाली कोयले की धूल के कारण पूरे इलाके में भारी प्रदूषण फैल रहा है। सड़क किनारे बने घरों, दुकानों और अन्य भवनों पर काली धूल की मोटी परत जम जाती है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और अन्य लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है और कई लोग सांस संबंधी व अन्य बीमारियों की शिकायत कर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात में तेज रफ्तार से गुजरने वाली इन भारी गाड़ियों के कारण कई बार सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। उनका दावा है कि कुछ हादसों में लोगों की जान भी जा चुकी है, जिससे क्षेत्र में डर और नाराजगी का माहौल है।
समाजसेवी बाबर कुरैशी ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर के बीच से भारी कोयला लदी गाड़ियों का परिचालन तत्काल रोका जाए और इसके लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र के हजारों लोग सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से प्रदूषण नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द समाधान निकालने की अपील की है।
