
चतरा। जिले के सुप्रसिद्ध पत्थर व्यवसाई और समाजसेवी प्रेमचंद सिंह से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मामले में चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान गिरोह तक पैसे को पहुंचाने और रेकी करने वाले दो अपराधियों को बिहार पुलिस के सहयोग से शुक्रवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया। अपने कार्यालय कक्ष में आज आयोजित एक प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि चतरा के नवपदस्थापित एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में बिहार के भोजपुर जिले के कायम नगर थाना गिद्दा निवासी मो० अस्फाक आलम, (30 वर्ष) और धनबाद जिला के कादिर नगर थाना गोनोडीह के शादाब अंसारी (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि हंटरगंज के व्यवसाई प्रेमचंद सिंह द्वारा वर्ष 2025 में आवेदन दिया गया था कि धनबाद के अपराधी प्रिंस खान द्वारा मोबाइल फोन के माध्यम से उनसे दो करोड़ रु की रंगदारी मांगी गई थी। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। इस संबंध में हंटरगंज थाना कांड संख्या 208/25, दिनांक-11.12.25,धारा-308(4)/111(3)/111(4)/61(2)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसी के तहत कार्रवाई करते हुए पूर्व में प्रिंस खान गिरोह के अमन खान,मुर्तजा अंसारी,मो० नाजिम एवं कृष कुमार सिंह उर्फ आयुष समेत चार लोग की गिरफ्तारी की जा चुकी है। एसपी ने बताया कि शुक्रवार को गिरफ्तार अपराधी सादाब अंसारी पर धनबाद में भी मामला दर्ज है।इसका एक भाई दुबई में रहता है जो प्रिंस खान का प्रमुख सहयोगी है। पूछताछ में सादाब ने स्वीकार किया है कि उसने अपने भाई के कहने पर धनबाद से से डेढ़ लाख रु उठाकर शूटरों को दिए थे। अपराधी ने बताया कि इसके अलावा हवाला के जरिये भी दुबई से उनके पास पैसों का लेनदेन किया गया है। एसपी ने बताया कि अनुसंधान में पता चला है कि इसके अलावा भी कई व्यवसायियों से फोन पे के माध्यम से पैसे लिए गए हैं। एसपी श्री नैथानी ने बताया कि प्रिंस के अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार करने के लिए अन्य जिलों की पुलिस से भी सहायता ली जा रही है।
