
चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डटमी गांव में पैतृक जमीन विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई महज चौबीस घंटे में एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। ज्ञात हो कि बीते मंगलवार को डटमी गांव निवासी कैलाश यादव की कथित रूप से लाठी-डंडों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घटना के पीछे लंबे समय से चल रहा पैतृक जमीन का विवाद मुख्य कारण था। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पुत्री पूजा कुमारी ने हंटरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर अपने बड़े पिता विलास यादव सहित अन्य नामजद आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कराते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। आवेदन के आधार पर पुलिस ने तत्काल अनुसंधान प्रारंभ किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया।
हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान हत्या के नामजद आरोपी विलास यादव (58 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अनुसंधान के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आगे भी विधिसम्मत कार्रवाई जारी रहेगी तथा घटना में संलिप्त किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी अभियान में एस आई विपिन कुमार,नितेश कुमार,भोला साव सहित हंटरगंज थाना के पुलिस बल के जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
