
कान्हाचट्टी/चतरा : कल्याण विभाग के तत्वावधान में अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं के बीच 1000 साइकिलों का वितरण किया गया। इस योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना, शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना तथा विद्यालय में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है।
साइकिल वितरण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साइकिल प्राप्त करने के बाद लाभुक विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों ने कहा कि अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी, समय की बचत होगी तथा वे नियमित रूप से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार एवं कल्याण विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा साइकिल का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। साइकिल वितरण योजना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने और ड्रॉपआउट दर कम करने में सहायता मिलेगी।
कान्हाचट्टी/संवाददाता: नितेश कुमार सिंह
