
कान्हाचट्टी (चतरा): कान्हाचट्टी प्रखंड की राजपुर पंचायत में अनाज वितरण केंद्र से नीम चौक जाने वाले मार्ग पर बारिश के कारण जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। सड़क पर पानी जमा रहने से स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों तथा दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के दोनों ओर मकानों का निर्माण हो जाने के कारण वर्षा का पानी निकलने का कोई रास्ता नहीं बचा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हल्की बारिश के बाद भी सड़क पर पानी भर जाता है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मुहर्रम के दौरान पानी की निकासी के लिए अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था की गई थी, जिससे कुछ दिनों तक राहत मिली थी। हालांकि बाद में वह व्यवस्था बंद कर दी गई, जिसके कारण एक बार फिर सड़क पर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि क्षेत्र में वर्षा जल निकासी के लिए स्थायी वैकल्पिक नाली का निर्माण कराया जाए, ताकि जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो लगातार हो रही बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा लोगों की परेशानी और बढ़ जाएगी।
