
कान्हाचट्टी (चतरा): कान्हाचट्टी प्रखंड के ग्रामीणों को ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए अब जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। प्रशासन की पहल पर शनिवार को बकचुंबा पंचायत भवन में एक दिवसीय विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10 बजे शुरू हुआ, जिसमें कान्हाचट्टी प्रखंड की बकचुंबा, चारू, कैंडीनगर और जमरीबकसपुरा पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। शिविर के दौरान कई आवेदकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस भी जारी किया गया। कैंडीनगर पंचायत की मुखिया अंचला कुमारी ने ग्रामीणों से समय पर पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि शिविर में भाग लेने से पहले सभी आवेदकों के लिए प्रज्ञा केंद्र (CSC) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। ऑनलाइन आवेदन की रसीद (रिसीविंग) के बिना किसी भी आवेदक का कार्य नहीं किया जाएगा। शिविर में आने वाले आवेदकों को आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ब्लड ग्रुप रिपोर्ट तथा हाल ही की पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना अनिवार्य किया गया था। जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी प्रसाद यादव ने बताया कि इस विशेष शिविर के लिए अब तक कुल 76 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीणों को उनके क्षेत्र में ही सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अनावश्यक रूप से जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़े।
