
कान्हाचट्टी (चतरा): प्रखंड के पेलतौल गांव में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक नाबालिग लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़ित पक्ष के अनुसार, लक्ष्मी सिंह के परिवार पर गांव के ही बद्री सिंह, उनके पुत्र सुजीत सिंह एवं उनकी पत्नी बिमला देवी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में लक्ष्मी सिंह की नाबालिग बेटी को गंभीर चोटें आईं। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कान्हाचट्टी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने ऑक्सीजन सपोर्ट पर चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, लक्ष्मी सिंह के 20 वर्षीय बेटे का लगभग चार माह पूर्व निधन हो चुका था। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में है। घटना के संबंध में लक्ष्मी सिंह ने राजपुर थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
कान्हाचट्टी संवादाता नितेश कुमार सिंह
