
चतरा: विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बूथ स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार को चतरा कॉलेज के मल्टीपरपज हॉल में झामुमो चतरा जिला कमेटी की ओर से बूथ सम्मेलन सह बीएलए-2 का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे बीएलए-2, बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया और उनकी जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी दी गई।प्रशिक्षण शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि SIR अभियान के दौरान बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बीएलए-2 और बूथ अध्यक्ष यह सुनिश्चित करें कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए तथा सत्यापन के दौरान किसी भी योग्य मतदाता का नाम सूची से हटने न पाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी देने और आवश्यक सहयोग करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि राज्यभर में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, ताकि एसआईआर अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो सके और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में शामिल होना आवश्यक है।कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर की गई। प्रशिक्षण में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने,नए मतदाताओं को जोड़ने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष नीलेश ज्ञासेन ने तथा संचालन जिला सचिव चंद्रदेव साहू ने किया। इस अवसर पर,जिला कोषाध्यक्ष नीतेश राणा,प्रवक्ता सत्येंद्र मित्तल,युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष राहुल यादव, छात्र मोर्चा जिलाध्यक्ष रूपेश कुमार यादव, नगर अध्यक्ष बिट्टू कुमार, उपेंद्र कुमार, अभिषेक निषाद, विनोद पांडे, मो. एजाज, मोहम्मद अजहर, बबलू केसरी, बबलू पासवान, धीरेंद्र सिंह सहित हजारों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
