
कान्हाचट्टी/चतरा : कैंडी नगर पंचायत भवन में रविवार को चौपारण स्थित लोकनायक जयप्रकाश नेत्र अस्पताल के सौजन्य से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 60 से अधिक ग्रामीणों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान नेत्र विशेषज्ञों ने मोतियाबिंद सहित विभिन्न नेत्र रोगों की जांच की। जांच के बाद गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार के लिए अस्पताल भेजने की व्यवस्था की गई। अस्पताल की ओर से मरीजों के लिए निःशुल्क वाहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें अस्पताल ले जाकर उपचार कराया जाएगा तथा इलाज के बाद सुरक्षित उनके घर भी पहुंचाया जाएगा।
ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होते हैं। वहीं, नेत्र विशेषज्ञों ने लोगों से समय-समय पर आंखों की जांच कराने तथा आंखों से संबंधित किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की अपील की।
कान्हाचट्टी संवाददाता, नितेश कुमार सिंह
