
कान्हाचट्टी (चतरा): कान्हाचट्टी प्रखंड के चारु गांव में बाढ़ का कहर एक परिवार पर भारी पड़ गया। नदी पार करने के दौरान अचानक आए तेज बहाव में एक अधेड़ बह गया। पूरी रात परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बुधवार को नदी किनारे शव मिलने के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान चारु गांव निवासी अर्जुन मिस्त्री (60 वर्ष), पिता पूरण मिस्त्री, के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अर्जुन मिस्त्री मंगलवार को किसी निजी कार्य से बाकचुंबा गांव गए थे। घर लौटने के दौरान वे चारु नदी पार कर रहे थे, तभी अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने मंगलवार से देर रात तक उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार को खोजबीन के दौरान चारु नदी किनारे उनका शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना तत्काल राजपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।
कान्हाचट्टी संवादाता नितेश कुमार सिंह
