
चतरा जिला के गिद्धौर मे पांच दिन पहले अपने प्रेम पर निर्णय लेकर विवाह करने वाली एक युवती को आज उसके ही परिवार ने समाज की नजरों से “मरणोपरांत” ठहरा दिया। गिद्धौर थाना क्षेत्र के निवासी अशोक पांडेय ने अपनी पुत्री के अंतर्जातीय विवाह का विरोध करते हुए उसके फोटो और पुतले के साथ प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली। यात्रा में गिद्धौर के ब्राह्मण समाज के कई प्रतिनिधि और नेता मौजूद रहे।
यात्रा घर से शुरू होकर धोबिनिया श्मशान घाट तक पहुँची। वहां उपस्थित लोगों ने एक पुतले का विधिवत अंतिम संस्कार किया और “राम नाम सत्य है” के जयघोष के साथ प्रतीकात्मक श्राद्ध कर्म संपन्न किया। आयोजन में शामिल लोगों ने मौखिक रूप से घोषणा की कि वे आगे से युवती से कोई संबंध नहीं रखेंगे और उसे सामाजिक रूप से बहिष्कृत किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, युवती ने गांव के ही दांगी समाज के एक युवक से 5 दिन पहले अंतर्जातीय विवाह किया था, जिसके विरोध में परिजन यह कदम उठा रहे हैं। शव यात्रा का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष संजय पांडेय ने किया। ब्राह्मण समाज के जिला अध्यक्ष संजय पांडेय, प्रखंड सचिव लम्बोदर पांडेय, यदुनंदन पांडेय, पिंटू पांडेय, सुधीर पांडेय और सत्यदेव पांडेय सहित कई लोग उपस्थित थे।
