
चतरा: सिमरिया में जिला परिवहन पदाधिकारी डीटीओ महेश्वरी यादव के नेतृत्व में व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर ओवर स्पीड, ओवरलोडिंग, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन परमिट, रॉन्ग पार्किंग, टैक्स सहित मोटर वाहन अधिनियम 1988 के तहत आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया और चारपहिया सहित कुल 25 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 1,00,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। डीटीओ महेश्वरी यादव की इस सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि ऐसे नियमित अभियान से सड़क सुरक्षा मजबूत होगी, यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लापरवाह वाहन चालकों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। नागरिकों ने उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाकर सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
