
Chatra : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल, हजारीबाग के प्रमंडलीय आयुक्त विजय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में राजस्व संग्रहण, जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) मद से संचालित योजनाओं तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री रवि आनंद सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त ने खनन, उत्पाद, मत्स्य, नगर परिषद, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए नियमित अनुश्रवण एवं प्रभावी कार्रवाई पर बल दिया। समीक्षा के क्रम में अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण की रोकथाम को लेकर जिला खनन पदाधिकारी को लगातार सघन छापेमारी एवं जांच अभियान संचालित करने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ओवरलोड वाहनों के परिचालन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रमंडलीय आयुक्त ने जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देशित किया कि जिले में स्कूली वाहनों सहित सभी प्रकार के वाहनों की नियमित जांच अभियान चलाया जाए। सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चलने वाले इन्यूमरेशन (गणना) चरण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को अभियान की शत-प्रतिशत सफलता सुनिश्चित करने, व्यापक जन-जागरूकता चलाने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कार्यों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) मद से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि राजस्व संग्रहण, सड़क सुरक्षा, अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण तथा विकास योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए उत्तरदायित्व एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।बैठक में उपायुक्त रवि आनंद, वन प्रमंडल पदाधिकारी (उत्तरी) राहुल मीणा, उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी चतरा, अनुमंडल पदाधिकारी सिमरिया, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चतरा, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
