
चतरा उपायुक्त रवि आनंद ने आज लावालौंग प्रखंड क्षेत्र का दौरा कर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक चल रहे इन्यूमरेशन (गणना) चरण का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने पांकी रोड स्थित बिरहोर कॉलोनी पहुंचकर बीएलओ द्वारा किए जा रहे गणना एवं प्रपत्र संकलन कार्य का अवलोकन किया तथा कार्य में शत-प्रतिशत शुद्धता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित ग्रामीणों एवं बिरहोर समुदाय के सदस्यों से संवाद कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी प्राप्त की। साथ ही बिरहोर कॉलोनी की आधारभूत सुविधाओं एवं समग्र स्थिति का भी जायजा लिया।इस दौरान ग्रामीणों ने बिरहोर कॉलोनी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के जर्जर भवन की मरम्मत कराने का अनुरोध किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी, लावालौंग को स्थल का आकलन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके उपरांत उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, लावालौंग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति, दवा भंडारण व्यवस्था, महिला वार्ड, प्रसव कक्ष, शौचालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बिंदुवार निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुचारु बनाए रखने, अस्पताल आने वाले मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने तथा परिसर की स्वच्छता एवं आवश्यक सुविधाओं को हर समय सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने मौके पर ही अनुपस्थित पाए गए चिकित्सकों पर कार्रवाई हेतु सिविल सर्जन चतरा डॉक्टर सतेंद्र कुमार सिन्हा को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि निर्वाचन संबंधी कार्यों के साथ-साथ आमजन को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं एवं सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता पर भी सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री बिपिन भारती, जिला जनसंपर्क कार्यालय से सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सह सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर शशिकांत कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
