
Chatra : उपायुक्त रवि आनंद ने आज लावालौंग प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सर्वप्रथम प्रखंड सह अंचल कार्यालय पहुंचकर पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति पंजी की जांच की। जांच के क्रम में लावालौंग प्रखंड के कनीय अभियंता की उपस्थिति पंजी में उपस्थिति दर्ज नहीं पाए जाने पर उपायुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित के प्रति आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को एकत्रित कर उनसे विभागवार संचालित योजनाओं एवं दायित्वों की समीक्षा की तथा कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समय पर कार्यालय पहुंचकर नियमित रूप से उपस्थिति दर्ज करने तथा कार्यालयीन अनुशासन का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय आमजनों की समस्याओं के समाधान का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में कार्यालय आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े और सभी सेवाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जाएं। इसके उपरांत उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी कार्यालय, अंचल अधिकारी कार्यालय, कंप्यूटर ऑपरेटर कक्ष सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण एवं कार्यालयीन व्यवस्था का भी जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी बिपिन भारती सहित प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
