
Chatra : स्वतंत्रता दिवस-2026 के सफल एवं गरिमामय आयोजन को लेकर आज मुख्य कार्यक्रम स्थल जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, चतरा में आयोजित फुल ड्रेस रिहर्सल का उपायुक्त रवि आनंद एवं पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न परेड टुकड़ियों द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप पूर्वाभ्यास किया गया।

फुल ड्रेस रिहर्सल के क्रम में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के आगमन पर परेड टुकड़ियों द्वारा सलामी दी गई। इसके पश्चात परेड का निरीक्षण किया गया। रिहर्सल में एसएसबी (35 बटालियन), डीएपी, जिला पुलिस बल, गृह रक्षक बल, डीएवी एनसीसी (बॉयज) डीएवी एनसीसी (गर्ल्स) कैडेट्स, इंदिरा गांधी आवासीय विद्यालय चतरा तथा विभिन्न विद्यालयों की टुकड़ियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप मार्च-पास्ट एवं अन्य गतिविधियों का पूर्वाभ्यास किया। विद्यालयी छात्र-छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गान एवं बैंड प्रस्तुति का भी पूर्वाभ्यास किया गया। रिहर्सल के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मुख्य कार्यक्रम स्थल पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई, साज-सज्जा, पेयजल, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, विद्युत एवं ध्वनि व्यवस्था, अग्निशमन, एम्बुलेंस तथा सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं सुव्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध रूप से निर्वहन करते हुए शेष तैयारियां निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने परेड में शामिल टुकड़ियों के पूर्वाभ्यास का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने को कहा। उल्लेखनीय है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाहरणालय परिसर में प्रातः 08:00 बजे, फांसी तालाब स्थित शहीद स्मारक पर प्रातः 08:15 बजे, पोस्ट ऑफिस मोड़ स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर प्रातः 08:25 बजे, रेड क्रॉस में प्रातः 08:30 बजे तथा जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मुख्य समारोह के दौरान प्रातः 09:05 बजे निर्धारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्य समारोह में परेड, राष्ट्रीय गान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके उपरांत दोपहर 01:00 बजे से 03:00 बजे तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जिला प्रशासन एवं पत्रकार एकादश के बीच फैंसी फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता अरविंद कुमार,जिला शिक्षा पदाधिकारी कंचन कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित संबंधित वरीय पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, परेड से जुड़े कर्मी एवं अन्य संबंधित उपस्थित थे।
