
Chatra : झारखंड सरकार के निर्देश पर चतरा पुलिस लगातार अफीम तस्करों की कमर तोड़ने में लगी है। पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई में कुंदा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए साढ़े सोलह लाख रु की अफीम बरामद की। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आज प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना क्षेत्र के टीटही भरगांव में नंदकिशोर गंझू के घर पर व्यापार के लिए अफीम रखा हुआ है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सिमरिया अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब के नेतृत्व में टीम का गठन करते हुए सफलता प्राप्त की गई। उन्होंने बताया कि मौके से तस्कर नंदकिशोर गंझू को 3 किलो 264 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि बीते दिनों लावालौंग थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई में 24 लाख रु के मादक पदार्थों की बरामदगी की गई थीं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद अफीम की कीमत लगभग 16 लाख 50 हजार रु है। छापामारी टीम में कुंदा थाना प्रभारी प्रिंस कुमार सिंह,सहायक अवर निरीक्षक नागेश्वर पंडित और थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। इस मामले में कुंदा थाना कांड संख्या 24/26 दिनांक 22 अप्रैल 26 एवं 15/18/27/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
