
चतरा। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के चतरा जिला कार्यालय में मंगलवार को झारखंड आंदोलन के पुरोधा एवं दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पहली पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में जिले भर से हजारों की संख्या में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल हुए।कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो के जिला अध्यक्ष निलेश ज्ञासेन, जिला सचिव सचिव चंद्रदेव साहू एवं जिला कोषाध्यक्ष नितेश राणा ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला प्रवक्ता, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष, छात्र मोर्चा के जिला अध्यक्ष, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्ष एवं सचिव एवं भारी मात्रा में कार्यकर्ता उपस्थित हुए। कार्यक्रम के पूर्व पार्टी कार्यालय में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया जिसमें पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रक्तदान किया। इस अवसर पर पार्टी कार्यालय में स्वर्गीय शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।इससे पूर्व झामुमो कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यालय से समाहरणालय तक विशाल श्रद्धांजलि रैली निकाली। रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लेते हुए दिशोम गुरु अमर रहें तथा झारखंड आंदोलन के नारों के साथ उन्हें याद किया।
रैली के उपरांत विकास भवन के समीप सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए झामुमो नेताओं ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन, झारखंड राज्य गठन में उनके ऐतिहासिक योगदान तथा आदिवासी, मूलवासी, किसान एवं मजदूरों के अधिकारों के लिए किए गए उनके आजीवन संघर्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु के आदर्श और विचार आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से उनके बताए सिद्धांतों पर चलकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए पार्टी पदाधिकारी, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, छात्र संगठन सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
