
चतरा : भाजपा जिला प्रवक्ता कालीचरण यादव की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने के विरोध में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता की अचानक तबीयत बिगड़ गई। कार्यक्रम के बीच वे अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े, जिससे मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। कार्यकर्ताओं ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उन्हें आईसीयू वार्ड में भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार रामदेव सिंह भोक्ता को डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) की शिकायत हुई थी। समय पर उपचार मिलने से उनकी स्थिति में अब सुधार है और वे चिकित्सकीय निगरानी में हैं। जिलाध्यक्ष के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिलते ही सांसद कालीचरण सिंह और सिमरिया विधायक उज्जवल दास सदर अस्पताल पहुंचे। दोनों नेताओं ने आईसीयू वार्ड में जाकर रामदेव सिंह भोक्ता का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों द्वारा किए जा रहे उपचार पर संतोष व्यक्त किया और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। अस्पताल भ्रमण के दौरान सांसद कालीचरण सिंह और विधायक उज्जवल दास ने सदर अस्पताल के आईसीयू वार्ड की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और चिकित्सकों की सक्रियता के कारण गंभीर मरीजों का बेहतर इलाज संभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होना आम लोगों के लिए राहत की बात है।
उधर, अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि रामदेव सिंह भोक्ता की स्थिति फिलहाल स्थिर है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचकर जिलाध्यक्ष के स्वास्थ्य की जानकारी लेते रहे और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
