
Chatra : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद आदित्य साहू चतरा के मंडल कारा पहुंचे और वहां गिरफ्तार पार्टी के युवा मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास सिंह व चतरा जिला मीडिया प्रभारी काली यादव से मुलाकात की उसके बाद उन्होंने परिसर भवन में आयोजित प्रेसवार्ता में राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक पक्षपात के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध और अवैध गतिविधियाँ बढ़ती जा रही हैं, जबकि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने में जुटी है। साहू ने विशेष रूप से भाजयुमो प्रदेश कोषाध्यक्ष श्रीनिवास और भाजपा जिला मीडिया प्रभारी काली यादव के खिलाफ लगाए गए मुकदमों का जिक्र करते हुए दावा किया कि दोनों को राजनीतिक द्वेष और बदले की भावना से झूठे मामलों में फंसा कर जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि श्रीनिवास ने लगातार भ्रष्टाचार, अवैध कोयला कारोबार और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिस वजह से उन पर कार्रवाई की गई। साहू ने कहा कि श्रीनिवास को रांची के कांके से गिरफ्तार कर के किस तरह अपराधियों की तरह जेल भेजा गया, यह स्वीकार्य नहीं है।
प्रदेश अध्यक्ष ने ड़कागांव के कोयला परिवहन का मुद्दा उठाते हुए स्पष्ट कहा कि बड़कागांव का कोयला चतरा के रास्ते नहीं जाने दिया जाएगा और स्थानीय लोगों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के हक की रक्षा के लिए पार्टी संगठित रूप से आगे रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि श्रीनिवास और काली यादव पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए तो भाजपा सड़क से सदन तक चरणबद्ध आंदोलन करेगी।
