
चतरा उपायुक्त रवि आनंद ने आज टंडवा प्रखंड का दौरा कर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय एवं निर्माणाधीन कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र के मल्टीप्लेक्स हॉल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, व्यवस्थाओं एवं आमजनों से जुड़े कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय के निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, पदाधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति तथा विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अभिलेखों की जांच करते हुए उनके संधारण एवं अद्यतन स्थिति का भी अवलोकन किया। साथ ही कार्यालय में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन एवं लंबित आवेदनों तथा प्रक्रियाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान SIR-2026 (मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण) के कार्यों के संबंध में भी उपायुक्त ने जानकारी ली। उन्होंने SIR के दौरान आमजनों को हो रही परेशानियों एवं प्रमाण-पत्र से संबंधित मामलों की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से प्राप्त की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नियमानुसार आवश्यक प्रमाण-पत्रों का अविलंब निर्गत करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजनों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उपायुक्त रवि आनंद ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समय पर कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें तथा कार्यालय पहुंचने वाले आमजनों की समस्याओं एवं प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजनों को सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक कठिनाई नहीं होनी चाहिए। इसके बाद उपायुक्त ने टंडवा में निर्माणाधीन कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र के मल्टीप्लेक्स हॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से योजना की वर्तमान स्थिति एवं कार्य पूर्ण होने की निर्धारित समय-सीमा की जानकारी प्राप्त की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाए तथा कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करना सुनिश्चित करें।निरीक्षण के दौरान जिला योजना पदाधिकारी शिशिर पंडित, प्रखंड विकास पदाधिकारी टंडवा देवलाल उरांव,अंचल अधिकारी गौरव कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
